दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में 108 स्वास्थ्य कर्मचारी क्वारंटीन, दो मरीजों से संक्रमण की आशंका

आज लॉकडाउन का 11वां दिन है और सड़कों पर बीते कुछ दिनों की तरह ही सन्नाटा छाया हुआ है। लोग लॉकडाउन का पालन करते हुए शनिवार को भी अपने घरों में ही हैं। लोग सिर्फ अपने जरूरत के सामान लेने के लिए घर से बाहर निकल रहे हैं। इसी  बीच पलवल में आज 13 नए मामले सामने आए हैं, जिसके चलते अब यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। सभी 13 संक्रमित जमात के हैं। 


गंगाराम अस्पताल में 108 स्वास्थ्य कर्मचारियों को किया क्वारंटीन
गंगाराम अस्पताल के 108 स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है। इनमें से 23 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और 85 अपने घरों में क्वारंटीन हैं।  इनमें डॉक्टर भी शामिल हैं। अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बाद ये फैसला लिया गया है। अब दोनों मरीजों को आरएमल अस्पताल भेज दिया गया है।

सीजफायर कंपनी की महिला कर्मचारी की बहन भी हुई कोरोना पॉजिटिव
वसुंधरा में पॉजिटिव आई सीजफायर कंपनी की महिला कर्मचारी की बहन भी हुई कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गई है। पहले रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन बहन की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सैंपल दोबारा भेजा गया था। अब रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सुबह ही उसे गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब गाजियाबाद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 14 हो गई है। इनमें से तीन इलाज के बाद स्वस्थ्य हो चुके हैं। 11 का एमएमजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आज सभी मरीज मुरादनगर कोविड अस्पताल शिफ्ट किए जाएंगे। संयुक्त अस्पताल में पॉजिटिव आए तीन जमाती भी एमएमजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिए गए थे।

दिल्ली में हुई एक और कोरोना पॉजिटिव की मौत
दिल्ली में कोरोना से संक्रमित एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। बीती रात महाराजा अग्रसेन अस्पताल में मरीज ने आखिरी सांस ली।

पलवल में सामने आए 13 नए पॉजिटिव केस, सभी संक्रमित जमातिए
पलवल में कोरोना के 13 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। सभी पॉजिटिव केस हरियाणा के बाहर के हैं। जानकारी के अनुसार यह सभी जमात से आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने जानकारी दी कि पलवल में जमात के 88 लोगों के सैंपल भेजे गए थे। इनमें से 13 रिपोर्ट पॉजिटिव हैं, जिसके बाद अब पलवल में संक्रमित लोगों की संख्या 17 हो गई है। हालांकि 17 में से एक ठीक होकर घर जा चुका है।